कौशाम्बी : कड़ा विकास क्षेत्र के शहजादपुर शिक्षण संकुल की मासिक बैठक मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय सुखउ का पूरा में प्रधानाध्यापिका कमलेश कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभाग द्वारा निर्धारित मासिक एजेंडे के तहत नई शैक्षिक पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नोडल शिक्षक संकुल अखिलेश शुक्ला ने विभाग की तीन प्रमुख पहलों—10 प्रमुख शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं का प्रभावी अनुपालन, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर के अनुरूप कैच-अप कार्यक्रम तथा डीईएआर (Drop Everything And Read) के माध्यम से विद्यालयों में पठन संस्कृति विकसित करने—पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा शिक्षण में सीखने के उद्देश्य स्पष्ट करना, पूर्व ज्ञान से जोड़ना, गतिविधि आधारित शिक्षण, सभी बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करना, प्रश्न पूछने की संस्कृति विकसित करना, समूह कार्य एवं सहयोगात्मक अधिगम, टीएलएम का प्रभावी उपयोग, सतत मूल्यांकन व त्वरित फीडबैक, उपचारात्मक (रिमेडियल) शिक्षण तथा शिक्षक डायरी के माध्यम से नियमित शैक्षणिक योजना व समीक्षा को अनिवार्य रूप से अपनाया जाएगा।
पूर्व एआरपी रामकृष्ण साहू ने कैच-अप कार्यक्रम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य बच्चों के अधिगम स्तर में आई कमी को दूर करना है। उन्होंने छात्र नामांकन, शत-प्रतिशत उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा कक्षा-कक्ष में शिक्षक डायरी, टीएलएम और प्रिंट-रिच सामग्री के नियमित उपयोग पर विशेष जोर दिया।
संकुल शिक्षक रिया सेठी ने डीईएआर गतिविधि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रतिदिन निर्धारित समय पर स्वैच्छिक पठन से बच्चों में पढ़ने की रुचि, भाषा कौशल, शब्द भंडार और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने विद्यालयों में पुस्तक पठन का सकारात्मक वातावरण तैयार करने तथा कैच-अप कार्यक्रम और 10 प्रमुख शिक्षण प्रक्रियाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने अपने अनुभव भी साझा किए और विभागीय निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण, आनंददायी एवं बाल-केंद्रित शिक्षण वातावरण विकसित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मनोज द्विवेदी, प्रदीप सिंह, वीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सीमा सरोज, माया सिंह, अजरा मुस्तफा, मंजू सिंह, नीलम, संगीता सिंह, विद्यानिवास पांडेय, रामधन, विनय सिंह, शीतला प्रसाद, धीरू, शिवबरन सिंह, राकेश सिंह सहित संकुल के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक उपस्थित रहे।
