21 अगस्त की तैयारी में जुटा अटेवा, मूरतगंज बैठक में सदस्यता अभियान तेज करने का आह्वान
अटेवा के प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को मूरतगंज ब्लॉक की बैठक इंदिरा गांधी वार्ड के कंपोजिट विद्यालय परसरा परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कुशल सिंह ने की। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शिक्षकों व कर्मचारियों से संगठन को और मजबूत बनाने और 21 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला महामंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसकी सदस्यता होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों व कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में अटेवा की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की। जिला मंत्री रमेश चंद्रसेन ने कहा कि 21 अगस्त के कार्यक्रम में मूरतगंज ब्लॉक से रिकॉर्ड संख्या में शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और इसके लिए सभी पदाधिकारी अभी से जनसंपर्क अभियान में जुट जाएं।
जिला कोषाध्यक्ष धीरज यादव ने संगठन की मजबूती और एकजुटता पर अपने विचार रखे। बैठक में शामिल निरीक्षक राजकुमार ने गीतों और कविताओं के माध्यम से उपस्थित शिक्षकों को प्रेरित किया तथा अटेवा की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। जिला संगठन मंत्री इकबाल अली ने अटेवा गीत प्रस्तुत कर संगठन के उद्देश्यों एवं संघर्षों से सभी को अवगत कराया। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ने शिक्षकों से तन, मन और धन से संगठन के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने संगठन की गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और व्हाट्सएप का प्रभावी उपयोग करने की अपील की। जिला उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने भी अधिक से अधिक शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अटेवा की सदस्यता दिलाने पर जोर दिया।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार निर्मल, सुचित कुमार, चंद्रपाल, शिवसागर, बृजेश कुमार यादव, सुचित्रा विश्वकर्मा, उमेश चंद सिंह, किरण वर्मा, आलोक भारती, रविंद्र नारायण मिश्र, राकेश कुमार, अतुल कुमार, मदन यादव सहित सैकड़ों शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
