कौशाम्बी : मंझनपुर स्थित अटेवा जिला कार्यालय में मंगलवार को पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 अगस्त 2026 को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। जिला संयोजक कुशल सिंह की अगुवाई में हुई बैठक में यात्रा में अधिक से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति तय की गई। साथ ही यात्रा की तैयारियों को समय से पूरा करने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिला संयोजक कुशल सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क किया जाएगा। अधिक से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों को यात्रा से जोड़ने के साथ ही गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया। इनमें अनुशासन, जलपान, मीडिया और आईटी सेल समेत अन्य समितियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी समितियों के पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिला वरिष्ठ सहसंयोजक राजेंद्र सिंह ने संगठन के सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक कर्मचारियों को संगठन से जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाए। जिला प्रवक्ता विकास पांडेय ने कहा कि तिरंगा यात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न संगठनों और विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला संरक्षक मोतीलाल सिंह ने यात्रा को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही। शिक्षिका डा. शालिनी सिंह ने महिला शिक्षकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। यतेंद्र सिंह ने अपने विचार रखते हुए पदाधिकारियों में उत्साह का संचार किया। निरीक्षक राजकुमार ने गीत और कविताओं के माध्यम से एकजुटता का संदेश दिया।
कौशांबी ब्लाक अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने ब्लाक क्षेत्र से अधिक से अधिक कर्मचारियों की सहभागिता का भरोसा दिलाया। जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए तिरंगा यात्रा के प्रचार-प्रसार को व्यापक स्तर पर ले जाने की बात कही। मंझनपुर ब्लाक से काशी लाल ने भी यात्रा की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया।
बैठक का संचालन जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने किया। इस दौरान इकबाल अली, आलोक कुमार भारती, रामू सिंह, अजय सिंह, प्रमोद कुमार, बृज बिहारी, संजय यादव, योगेश कुमार, विजय नारायण सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में सभी पदाधिकारियों ने 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा को सफल, भव्य और ऐतिहासिक बनाने तथा अधिक से अधिक शिक्षक-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
