Education
🔴 Breaking

25 नवंबर तक दुरुस्त करना होगा शिक्षकों व कर्मचारियों का सेवा विवरण

मानव सम्पदा पोर्टल पर त्रुटिपूर्ण डाटा फीडिंग को लेकर शिक्षा निदेशक सख्त, बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, समयसीमा के बाद गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई

51 views

कौशाम्बी : परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों में अब किसी तरह की त्रुटि नहीं चलेगी। मानव सम्पदा पोर्टल पर दर्ज ई-सर्विस बुक में गलत और अधूरी सूचनाओं को दुरुस्त करने के लिए विभाग ने विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने इस संबंध में सख्त रुख अपनाते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों, वित्त व लेखाधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को 25 नवंबर 2026 तक संशोधन कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।

शिक्षा निदेशक की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि मानव सम्पदा पोर्टल पर अधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक से संबंधित सूचनाओं की फीडिंग, सत्यापन और संशोधन के लिए पहले ही विकासखंड और जनपद स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई थीं। इसके लिए एस्टेब्लिशमेंट डाटा एंट्री, वेरिफिकेशन और करेक्शन आईडी भी उपलब्ध कराई गई थीं। इसके बावजूद एक जनवरी 2025 से संचालित ई-सर्विस बुक करेक्शन माड्यूल पर बड़ी संख्या में संशोधन के मामले सामने आ रहे हैं। इससे पूर्व में डाटा फीडिंग और सत्यापन के दौरान बरती गई लापरवाही उजागर हुई है।

निर्देश के मुताबिक कौशांबी जिले में मानव सम्पदा पोर्टल पर पंजीकृत अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवा विवरण में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, पैन कार्ड, अवकाश और आधार से संबंधित प्रविष्टियों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार की त्रुटियों को अभियान चलाकर ठीक किया जाएगा। इसके लिए करेक्शन आईडी का इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन संशोधन से पहले संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का लिखित अनुमोदन लेना अनिवार्य होगा।

वहीं नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, पैन कार्ड, अवकाश और आधार से संबंधित संशोधनों के लिए पहले की व्यवस्था लागू रहेगी। ऐसे मामलों में जनपद स्तर से ई-मेल के माध्यम से अनुरोध भेजा जाएगा और निदेशालय स्तर से आवश्यक सुधार किया जाएगा।

शिक्षा निदेशक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 25 नवंबर के बाद भी मानव सम्पदा पोर्टल पर किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित अवधि में कार्यरत ऑफिस एडमिन आईडी धारक कार्यालयाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गलत और अधूरी डाटा फीडिंग के लिए जिम्मेदार आईडी संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर उसकी रिपोर्ट भी निदेशालय को भेजनी होगी।

निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि करेक्शन आईडी सक्रिय रहने की अवधि में ई-सर्विस बुक करेक्शन मॉड्यूल का संचालन स्थगित रहेगा। पहले से प्राप्त और लंबित संशोधन प्रकरणों का निस्तारण भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। ऐसे में विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर सेवा अभिलेखों की जांच और संशोधन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

शिक्षक स्वयं भी जांचें अपना सेवा विवरण

खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने बताया कि विकासखंड के सभी शिक्षकों को अपनी ई-सर्विस बुक और मानव सम्पदा पोर्टल पर दर्ज सेवा संबंधी विवरण जांचने के लिए कहा गया है। नाम, शैक्षिक योग्यता, नियुक्ति, पदस्थापन और अन्य प्रविष्टियों में कोई त्रुटि या कमी मिलने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते संशोधन कराया जा सके। 25 नवंबर तक सभी अभिलेख दुरुस्त कराने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया गया है।