कौशाम्बी : बच्चों की जिज्ञासा को नई दिशा देने और पढ़ाई को बोझ के बजाय रुचिकर बनाने के लिए अब शिक्षक तकनीक का सहारा लेंगे। कक्षाओं में डिजिटल संसाधनों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) का बेहतर इस्तेमाल कर बच्चों की सीखने की क्षमता को विकसित करने की तैयारी है। इसी उद्देश्य से डायट मंझनपुर में आयोजित एआइ विषयक आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण के सातवें बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बताया गया कि तकनीक का सही उपयोग शिक्षण प्रक्रिया को किस तरह अधिक संवादात्मक, सरल और प्रभावशाली बना सकता है। बच्चों की अलग-अलग सीखने की क्षमता और शैक्षिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल माध्यमों से पाठ्य सामग्री तैयार करने, शिक्षण को रोचक बनाने और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का आकलन करने के तौर-तरीकों पर विशेष चर्चा हुई।
विभिन्न सत्रों में शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आइसीटी) की भूमिका, डिजिटल साक्षरता, साइबर नैतिकता, फेक न्यूज की पहचान, एआइ के शैक्षणिक उपयोग और डिजिटल संसाधनों के प्रबंधन की जानकारी दी गई। संदर्भदाता प्रशिक्षण की नोडल वंदना सिंह, देवेश कुमार यादव, नरेंद्र कुमार, शबनम सिद्दीकी, अनामिका सिंह, सुरेश चंद्र मिश्र, दिनेश कुमार यादव, राजेंद्र भारतीय, दीप नारायण मिश्र और हरिओम सिंह ने शिक्षकों को आइसीटी आधारित मूल्यांकन, डेटा सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया।
प्रशिक्षकों ने इस बात पर जोर दिया कि एआइ शिक्षक का विकल्प नहीं, बल्कि उसकी कार्यक्षमता बढ़ाने वाला सहयोगी माध्यम है। इसके जरिए पाठ योजना तैयार करने, विषयवस्तु को सरल ढंग से प्रस्तुत करने और बच्चों की शैक्षिक प्रगति को समझने में मदद मिल सकती है। हालांकि तकनीक के इस्तेमाल के साथ उसकी विश्वसनीयता, सुरक्षित उपयोग और साइबर सतर्कता भी जरूरी है।
समापन अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में अर्जित तकनीकी दक्षता का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब शिक्षक इसका उपयोग विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई को अधिक गुणवत्तापूर्ण, सहज और रुचिकर बनाने में करेंगे।
