Education
🔴 Breaking

अभिनय के जरिए बच्चों ने समझी बैंक, डाकघर और कोतवाली की कार्यप्रणाली

बैगलेस डे पर कंपोजिट विद्यालय खाचकीमई में गतिविधि आधारित शिक्षण, विद्यार्थियों ने निभाई विभिन्न भूमिकाएं

11 views

कौशाम्बी : विकास खंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय खाचकीमई में बैगलेस डे के अवसर पर शनिवार को विद्यार्थियों को बैंक, डाकघर और कोतवाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों ने विभिन्न भूमिकाएं निभाकर संबंधित संस्थानों के कार्यों को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों ने बैंककर्मी, डाककर्मी और पुलिसकर्मी के साथ ग्राहक व आम नागरिक की भूमिकाएं भी निभाईं। अभिनय के दौरान बच्चों ने बैंक में होने वाले कार्यों, डाकघर की सेवाओं और कोतवाली में पुलिस की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप में समझने का प्रयास किया। गतिविधि के माध्यम से बच्चों को सार्वजनिक संस्थानों की कार्यप्रणाली की जानकारी रोचक व सहज तरीके से दी गई।

शिक्षक आनंद नारायण पाठक व अनुदेशक शिवबरन सिंह यादव की अगुवाई में बच्चों ने गतिविधि प्रस्तुत की। प्रधानाध्यापक संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों में विषय को समझने की क्षमता के साथ आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति कौशल का भी विकास होता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक राम स्वरूप, गुलाब सिंह, राजकुमार व परिचारक देवराज का सहयोग रहा।