Education
🔴 Breaking

अधिकारियों ने छात्राओं के साथ भोजन कर परखी गुणवत्ता

कस्तूरबा विद्यालयों में सुविधाओं, भोजन, स्वास्थ्य व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

48 views

कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर मंगलवार को जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। अधिकारियों ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और उसकी गुणवत्ता परखी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा एवं खंड शिक्षाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मंझनपुर में छात्राओं के साथ भोजन किया। इसी तरह खंड शिक्षाधिकारी मूरतगंज ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मूरतगंज तथा खंड शिक्षाधिकारी सरसवां ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सरसवां में छात्राओं के साथ भोजन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवासीय व्यवस्था, स्वास्थ्य, भोजन, सुरक्षा और विद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।