कौशाम्बी : नवरात्र के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 11 से 19 अक्टूबर तक मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत बालिका सशक्तीकरण की पहल की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सिराथू विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय जमालमऊ में कक्षा आठ की छात्रा अनुराधा को एक दिन का प्रधानाध्यापक नियुक्त किया गया। उसे विद्यालय के समस्त कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस दौरान कक्षा छह, सात और आठ में क्रमशः रुपसी, शिवानी यादव और अंशिका ने कक्षाध्यापक की भूमिका निभाई। बालिकाओं ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों और दैनिक कार्यों का संचालन करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, निर्णय लेने और जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला।
मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें स्वावलंबी बनाने और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना है। विद्यालय में बालिकाओं द्वारा सफलतापूर्वक कार्यभार संभालना महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सार्थक पहल रही।
