Education
🔴 Breaking

अटेवा ने फूंका आंदोलन का बिगुल, तिरंगा यात्रा और लखनऊ महारैली को सफल बनाने का आह्वान

सरसवां की जनजागरण संगोष्ठी में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर बनी रणनीति, 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा और 25 सितंबर की लखनऊ महारैली में अधिकतम भागीदारी का आह्वान

266 views

कौशाम्बी: अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर सोमवार को सरसवां बीआरसी सभागार में ब्लॉक स्तरीय जनजागरण संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक कुशल सिंह ने की। संगोष्ठी में पुरानी पेंशन बहाली, सदस्यता अभियान और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला संयोजक कुशल सिंह ने कहा कि कर्मचारियों और शिक्षकों को अपने हक और अधिकार की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए संगठन से अधिकाधिक जुड़ना होगा। उन्होंने सभी से 21 अगस्त को जिला मुख्यालय मंझनपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के लंबे संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित महारैली पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन की दिशा में निर्णायक साबित होगी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की।

वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कर्मचारियों की एकजुटता पर बल दिया। आय-व्यय निरीक्षक राजकुमार ने गीतों और कविताओं के माध्यम से शिक्षकों व कर्मचारियों में जोश भरते हुए संगठन की बात रखी। सरसवां ब्लॉक अध्यक्ष राम हृदय कुशवाहा ने संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यक्रम का संचालन किया तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

संगोष्ठी में तेज प्रताप सिंह, विक्रम सिंह, नीरज कुमार, प्रेम सिंह, पवन कुमार मिश्रा, पवन सिंह, केसरी नंदन मिश्रा, अजय कुमार, राजेंद्र सिंह, अमित चौधरी, मयंक सिंह, योगेंद्र सिंह, अजय सिंह, यतेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।