Education
🔴 Breaking

औचक निरीक्षण में परखी विद्यालय की शैक्षिक व भौतिक व्यवस्थाएं, टाप-3 विद्यार्थियों का सम्मान

खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह ने कक्षाओं में पहुंचकर देखी शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों को गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश

70 views
औचक निरीक्षण में परखी विद्यालय की शैक्षिक व भौतिक व्यवस्थाएं, टाप-3 विद्यार्थियों का सम्मान
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी : खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को कंपोजिट विद्यालय चौपुरवा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कक्षा-कक्ष में पहुंचकर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण कार्य और शैक्षिक गुणवत्ता को परखा। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल, मध्याह्न भोजन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शिक्षकों को सभी व्यवस्थाएं पूर्ण एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए कक्षा-कक्ष में प्रभावी शिक्षण के साथ प्रत्येक बच्चे के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति पर नियमित नजर रखने तथा अपेक्षाकृत कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त प्रयास करने को कहा। साथ ही विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण बनाए रखने और शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया।

टाप-3 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह ने विद्यालय के शैक्षिक प्रदर्शन में उत्कृष्ट रहने वाले टाप-3 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत, नियमित अध्ययन और अनुशासन सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाए। विद्यार्थियों के सम्मान से उनमें सीखने की ललक बढ़ने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। विद्यालय परिवार ने टाप-3 विद्यार्थियों के सम्मान को बच्चों के उत्साहवर्धन की दिशा में सराहनीय पहल बताया।