कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कौशाम्बी की अनुमति से गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), मंझनपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बाल संरक्षण, बाल हितैषी कानूनी सेवाओं, पॉक्सो अधिनियम, एसिड हमले के पीड़ितों के अधिकार तथा राष्ट्रीय पोषण सप्ताह से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।
सुबह 11 बजे आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने उपस्थित लोगों को कानून की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि बच्चों को शोषण और अपराध से बचाने के लिए पॉक्सो अधिनियम जैसे प्रभावी कानून बनाए गए हैं। किसी भी बच्चे के साथ यौन अपराध होने की स्थिति में कानून पीड़ित बच्चे के संरक्षण और उसके हितों को प्राथमिकता देता है।
वक्ताओं ने बताया कि जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निश्शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति भी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।
एसिड अटैक पीड़ितों को अधिकारों की दी जानकारी
शिविर में एसिड हमले के पीड़ितों के अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पीड़ितों को मिलने वाली सरकारी सहायता, मुआवजा और पुनर्वास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि एसिड अटैक पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ उनके पुनर्वास और सम्मानजनक जीवन के लिए उपलब्ध कानूनी एवं सरकारी सहायता का लाभ दिलाना भी आवश्यक है।
संतुलित आहार से कुपोषण दूर करने पर जोर
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के तहत महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों का शामिल होना बेहद जरूरी है। परिवारों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग, वन स्टॉप सेंटर, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ डायट प्राचार्य निधि शुक्ला, वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप कुमार, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पैरा लीगल वालंटियर्स सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
