कौशाम्बी: बच्चों में अनुशासन की भावना विकसित करने और विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मूरतगंज विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय गंगसरी में अभिभावक चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को निर्धारित ड्रेस में नियमित विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालय और परिवार के बीच बेहतर समन्वय से ही बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि और अनुशासन की भावना विकसित की जा सकती है।
चौपाल में खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों को साफ-सुथरी और निर्धारित ड्रेस में विद्यालय भेजना उनकी जिम्मेदारी है। ड्रेस से विद्यालय में एकरूपता और अनुशासन का वातावरण बनता है। इससे बच्चों में समानता की भावना विकसित होती है और वे पढ़ाई के प्रति अधिक गंभीर बनते हैं। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उनकी दैनिक दिनचर्या पर ध्यान देते हुए समय से विद्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
उन्होंने शासन की ओर से विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी भी दी। बताया कि डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों की ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी के लिए 1200 रुपये की धनराशि अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस धनराशि का उपयोग बच्चों की शैक्षिक जरूरतों को पूरा करने में किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी विद्यार्थी को आवश्यक संसाधनों के अभाव में पढ़ाई करने में परेशानी न हो।
खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन उपस्थित रहने से बच्चों की पढ़ाई निरंतर चलती रहती है और उनकी सीखने की क्षमता में सुधार होता है। यदि कोई बच्चा लगातार विद्यालय से अनुपस्थित रहता है तो उसकी पढ़ाई प्रभावित होती है। ऐसे में अभिभावकों को शिक्षकों के संपर्क में रहकर बच्चों की शैक्षिक प्रगति की जानकारी लेते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए अभिभावकों का सहयोग आवश्यक है। चौपाल के माध्यम से उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से निर्धारित ड्रेस में विद्यालय भेजें, उनकी पढ़ाई में रुचि लें और शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का समुचित लाभ बच्चों तक पहुंचाएं।
