Education
🔴 Breaking

बच्चों ने चित्रों में उकेरा सपनों के भारत का स्वरूप

प्राथमिक विद्यालय जलीलपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को बांटे गए पुरस्कार

35 views

कौशाम्बी: मूरतगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय जलीलपुर में शुक्रवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों और चित्रों के माध्यम से कागज पर उकेरा। बच्चों ने विकसित, स्वच्छ, शिक्षित और समृद्ध भारत की कल्पना को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिनेश कुमार द्विवेदी ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाध्यापक विजय कुमार वर्मा के सहयोग से प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया और प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए विद्यार्थियों की सराहना की।

कार्यक्रम में पुष्पेंद्र सिंह, नीरज, मोनिका वर्मा और विवेक मिश्रा का भी सहयोग रहा। शिक्षकों ने कहा कि बच्चों की कल्पनाओं में देश के भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना मजबूत होती है।