कौशाम्बी:शहजादपुर गांव में आयोजित 253वें ऐतिहासिक श्रीरामलीला महोत्सव में बुधवार की रात भरत मिलाप की भावपूर्ण लीला का मंचन किया गया। चौदह वर्ष के वनवास के बाद प्रभु श्रीराम और उनके अनुज भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भाई के प्रति प्रेम, त्याग, समर्पण और अटूट विश्वास की इस लीला ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। मंचन के दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भरत मिलाप रामायण का ऐसा प्रसंग है, जिसमें भाईचारे और पारिवारिक मर्यादा की अनुपम झलक देखने को मिलती है। प्रभु श्रीराम के वनवास जाने के बाद भरत ने राजसिंहासन स्वीकार करने के बजाय उनकी चरण पादुकाओं को राजगद्दी पर विराजमान कर राज्य का संचालन किया। चौदह वर्ष बाद जब श्रीराम अयोध्या लौटे तो भरत से उनका मिलन त्याग, निष्ठा और भ्रातृप्रेम का प्रतीक बन गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से इस प्रसंग को मंच पर उतारकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी जुटे रहे।
शहजादपुर की ऐतिहासिक रामलीला क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनी हुई है। प्राचीन श्रीरामलीला कमेटी शहजादपुर की अगुवाई में आयोजित महोत्सव में प्रतिवर्ष विभिन्न लीलाओं के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाता है। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय, उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री सत्यम त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय और मीडिया प्रभारी शिवम पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी सहयोग कर रहे हैं। भरत मिलाप की लीला ने श्रद्धालुओं को यह संदेश दिया कि रिश्तों की असली ताकत प्रेम, विश्वास, त्याग और मर्यादा में निहित है।
