Sports
🔴 Breaking

भवंस मेहता ने जीता एक दिवसीय 5-ए-साइड फुटबाल टूर्नामेंट

फाइनल में एक्स कौशांबी ब्वायज को हराकर कब्जाया खिताब, हिमांशु यादव बने मैन आफ द मैच

5 views

कौशाम्बी : सिराथू ब्लाक के झंडापुर बम्हरौली स्थित एमबीओ कालेज परिसर में कौशांबी फुटबाल खेल एसोसिएशन व सिग्मा डायग्नोस्टिक सेंटर मंझनपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय 5-ए-साइड फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद भवंस मेहता भरवारी की टीम ने फाइनल मुकाबले में एक्स कौशांबी ब्वायज को हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। भवंस मेहता की टीम ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीम को प्रमाण पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन करने वाले हिमांशु यादव को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

टूर्नामेंट के प्रायोजक व सिग्मा डायग्नोस्टिक सेंटर के निदेशक डा.इकरार अहमद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार होते रहना चाहिए। छोटे से स्थान पर भव्य फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही प्रदेश और देश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए।

आयोजन में समाजसेवी अखिलेश भारती व वेदप्रकाश उर्फ नन्हे पासी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पूर्व ब्लाक प्रमुख सोनू पासी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पासी, राजू पासी, ग्राम प्रधान राजू, आनंद मोहन सिंह पटेल, शाहनवाज, कोच शिवम सिंह, पप्पू सोनकर, डा. श्रवण आर्य, डा. महेश, राजीव कुमार व राकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।