कौशांबी : मंगलवार को नव भारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत बीआरसी मूरतगंज में खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव की अध्यक्षता में साक्षरता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शिक्षकों के साथ क्षेत्रीय लोगों ने भी सहभागिता करते हुए लोगों को निरक्षरता दूर करने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस प्रत्येक वर्ष आठ सितंबर को मनाया जाता है। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने कहा कि विकास का रास्ता तभी खुलता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति साक्षर हो। किसी भी व्यक्ति का निरक्षर रहना समाज के विकास में बाधक है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने आसपास के लोगों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करें और निरक्षरता को दूर करने में सहयोग दें।
रैली के दौरान शिक्षक और प्रतिभागी विभिन्न प्रेरक नारों के साथ लोगों को जागरूक करते हुए आगे बढ़े। "साक्षर होगा जब इंसान, तभी बनेगा देश महान" और "दीप से दीप जलाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे" जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। रैली के माध्यम से लोगों को नव साक्षरता अभियान से जुड़ने तथा अपने परिवार और आसपास के निरक्षर लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाती है। विकसित भारत के निर्माण के लिए देश के प्रत्येक नागरिक का साक्षर होना आवश्यक है। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
रैली में आलोक द्विवेदी, मारुति नंदन त्रिपाठी, प्रखर नरेश, शशि कला पांडेय, दिलीप, राकेश बत्रा, सूरज सिंह, प्रदीप, रोली कुशवाहा, ज्योति सिंह, निधि, विभा समेत विकासखंड के अन्य शिक्षक मौजूद रहे। क्षेत्रीय लोगों ने भी रैली में शामिल होकर साक्षरता अभियान को समर्थन दिया।
