कौशाम्बी: कड़ा ब्लॉक क्षेत्र में संचालित परिषदीय विद्यालयों की शैक्षिक व व्यवस्थागत स्थिति परखने के लिए गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अंदावा व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, डीबीटी, मध्याह्न भोजन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति व विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
सुबह करीब 9:45 बजे बीईओ उच्च प्राथमिक विद्यालय अंदावा पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षण कार्य की समीक्षा की। सभी शिक्षक अपने-अपने कक्षों में अध्यापन करते मिले। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन का स्वाद चखा और उसकी गुणवत्ता की जांच की। विद्यालय में नामांकित 77 विद्यार्थियों के सापेक्ष 54 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। इस पर उन्होंने उपस्थिति बढ़ाने के लिए शिक्षकों को विशेष प्रयास करने व बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुबह करीब 10:45 बजे बीईओ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक व आवासीय सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में छात्राओं के रहने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया और आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित मिले, जबकि अकाउंटेंट भूपेंद्र अवकाश पर थे। विद्यालय में नामांकित 105 छात्राओं के सापेक्ष 74 छात्राएं उपस्थित मिलीं। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को अभिभावकों से संपर्क कर छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने व शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बेहतर शैक्षिक वातावरण की आधारशिला है।
