कौशांबी : परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालय देवीगंज प्रथम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव विद्यालय पहुंचे और स्कूल आए बच्चों का रोली-चंदन का तिलक लगाकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें प्रतिदिन विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने आसपास के अन्य बच्चों को भी स्कूल आने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
इसके बाद विद्यालय के शिक्षकों और बच्चों ने गांव में स्कूल चलो अभियान रैली निकाली। रैली में बच्चे हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर "आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे" और "घर-घर अलख जगाएंगे, बच्चों को स्कूल लाएंगे" जैसे जागरूकता नारे लगाते हुए गांव की गलियों से गुजरे।
रैली में शामिल खंड शिक्षा अधिकारी ने ग्रामीणों और अभिभावकों से संवाद कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा स्कूल से वंचित बच्चों का शीघ्र नामांकन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद जुबैर, शिक्षिका श्रेया द्विवेदी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम को लेकर बच्चों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
