कौशांबी : कड़ा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय लुकिया डोरमा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह कथित रूप से चाकू और चापड़ लेकर विद्यालय पहुंच गईं। इस दौरान उनके व्यवहार से विद्यालय में मौजूद शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं सहम गए। घटना का एक वीडियो भी प्रसारित हुआ है, जिसमें शिक्षिका यह कहते हुए दिखाई दे रही हैं कि "यदि मुझे कोई परेशान करेगा या गाली देगा तो मैं उसे काट डालूंगी।"
घटना की जानकारी मिलते ही सैनी थाना पुलिस और खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने विद्यालय के शिक्षकों एवं अन्य लोगों से जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी। रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका शिखा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं सैनी थाना पुलिस ने शिक्षिका के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद विद्यालय में बच्चों और शिक्षकों के बीच भय का माहौल बना रहा। अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में इस प्रकार की घटना पर चिंता जताते हुए स्कूलों में सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई थी, जिसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं सैनी थाना पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही
