कौशांबी : पीएम पोषण योजना के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए स्नेह और समर्पण के साथ भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के सम्मान व कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन रविवार को जिला मुख्यालय स्थित सम्राट उदयन सभागार में किया गया। समारोह में रसोइयों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक हित से जुड़ी चार बड़ी सौगातों की घोषणा से उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विशिष्ट अतिथि विधायक चायल पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, सदस्य राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश प्रतिभा कुशवाहा, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण
समारोह में मौजूद रसोइयों ने लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा। मुख्यमंत्री ने रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि कर इसे तीन हजार रुपये किए जाने, सामाजिक सुरक्षा के तहत पांच लाख रुपये के कैशलेस चिकित्सा कार्ड, भारतीय स्टेट बैंक की ओर से दो लाख रुपये के दुर्घटना बीमा कवर व गणवेश के लिए मिलने वाली धनराशि 500 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये किए जाने की घोषणा की।
घोषणाओं के बाद सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। रसोइयों ने इन निर्णयों को आर्थिक राहत के साथ सामाजिक सम्मान और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
रसोइयां विद्यालय की रसोई में घोलती हैं ममता
सदस्य राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश प्रतिभा कुशवाहा ने रसोइयों के सेवाभाव और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय की रसोई केवल भोजन पकाने का स्थान नहीं है, बल्कि इसमें ममता, संवेदना और अपनत्व की खुशबू भी घुली होती है। रसोइयां बच्चों के लिए भोजन तैयार करने के साथ उन्हें मातृवत स्नेह भी देती हैं और विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं।
विधायक चायल पूजा पाल ने रसोइयों के हित में किए गए निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशीलता समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुरक्षा और सम्मान पहुंचाने की भावना में दिखाई देती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, समवेत प्रयास और सबका विकास’ की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने रसोइयों को बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की प्रहरी बताते हुए कहा कि वे स्वच्छता का ध्यान रखते हुए बच्चों के लिए भोजन तैयार करती हैं और प्रेम व ममता के साथ उसे परोसती हैं। विद्यालयी व्यवस्था में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बीएसए ने दी शुभकामनाएं
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने रसोइयों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीएम पोषण योजना की सफलता में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके श्रम, समर्पण और सेवाभाव से बच्चों को पौष्टिक भोजन के साथ अपनत्व का स्पर्श भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि, चिकित्सा सुरक्षा, दुर्घटना बीमा और गणवेश के लिए बढ़ाई गई धनराशि रसोइयों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने रसोइयों से इसी निष्ठा, ममता और समर्पण के साथ विद्यालयों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहने का आह्वान किया।
सीडीओ ने योजनाओं का लाभ लेने को किया प्रेरित
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने रसोइयों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड के लिए आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कराने का आह्वान किया, ताकि पात्र रसोइयों को इसका लाभ मिल सके।
समापन अवसर पर बीएसए ने मुख्य विकास अधिकारी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और सहयोग से जनपद में पीएम पोषण योजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में निरंतर ऊर्जा मिलती रही है। रसोइयों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा यह आयोजन प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली का सुंदर उदाहरण है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
वरुण पांडेय के समन्वयन से आयोजन हुआ सफल
कार्यक्रम की सफलता में डीसी पीएम पोषण वरुण पांडेय के कर्मठ समन्वयन की विशेष भूमिका रही। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप देते हुए विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित किया। उनके सतत प्रयासों से कार्यक्रम गरिमा, अनुशासन और आत्मीयता के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उद्घोषक के रूप में एसआरजी डा. ओमप्रकाश सिंह ने प्रभावशाली व विशिष्ट शैली में मंच संचालन को जीवंत बनाए रखा। उनके शब्दों ने कार्यक्रम की गरिमा को स्वर दिया और रसोइयों के सेवाभाव को भावपूर्ण अभिव्यक्ति दी। वहीं सुनिष्ठा प्रजापति ने कार्यक्रम का कुशल व सुव्यवस्थित संचालन करते हुए प्रत्येक चरण को सहजता और गरिमा के साथ आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी मंझनपुर प्रमोद गुप्ता, बीईओ सरसवां राजीव प्रताप सिंह, नगर बीईओ हिना सिद्दीकी, जिला समन्वयक योगेश, धीरेंद्र, अवधेश सहित दिलीप तिवारी, एआरपी व्योमेश मिश्र, राम विशाल, कृष्ण कुमार, अनूप वर्मा तथा रंगोली सज्जा में सहयोग करने वाली सोनी, तपस्या, अंजलि, वंदना, वसीम सहित अनेक शिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे।
चार सौगातों ने जगाई नई उम्मीद
एक हजार रुपये मानदेय वृद्धि, पांच लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुरक्षा, दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और गणवेश के लिए एक हजार रुपये की धनराशि—इन चार सौगातों ने पीएम पोषण योजना की कर्मठ रसोइयों के जीवन में उम्मीद का नया उजास भर दिया। यह आयोजन उन हाथों के प्रति सम्मान और संवेदना का संदेश बन गया, जो प्रतिदिन विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने के साथ उसमें ममता और अपनत्व भी परोसते हैं।
