Education
🔴 Breaking

छात्राओं की थाली तक पहुंचे बीईओ, खुद चखा मध्याह्न भोजन

कस्तूरबा विद्यालय म्योहर में औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाओं की हकीकत

92 views

कौशांबी : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय म्योहार में बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय और भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित शिक्षिकाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने राशन स्टाक का सत्यापन किया। इसके साथ ही मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षण कार्य और आवासीय व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति भी देखी और छात्राओं से उनकी समस्याओं व व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सबसे खास पहलू यह रहा कि डा. अरुण कुमार सिंह छात्राओं के बीच बैठ गए और उनके साथ भोजन किया। उन्होंने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। साथ ही छात्राओं से भोजन के स्वाद, गुणवत्ता और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के बारे में सीधे संवाद किया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिकाओं को निर्देशित किया कि छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ स्वच्छता, पोषण, अनुशासन और छात्राओं के लिए सुरक्षित व सकारात्मक वातावरण बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

छात्राओं के बीच बैठकर भोजन करने की पहल को निरीक्षण के साथ-साथ सहभागिता और संवेदनशीलता के संदेश के रूप में देखा गया। इससे छात्राओं ने भी सहज होकर अपनी बात अधिकारी के सामने रखी।