चित्रों में बच्चों ने दिखाई सपनों के भारत की झलक
देवखरपुर न्याय पंचायत में हुई संकुल स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता, पायल प्रथम, लाडो द्वितीय और शालिनी रहीं तृतीय
सिराथू : सिराथू विकासखंड के देवखरपुर न्याय पंचायत में शनिवार को संकुल स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू डा. प्रज्ञा सिंह के निर्देशन और नोडल संकुल अनुराग मिश्र के संयोजन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला प्रतिभा के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर कागज पर उकेरी।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत चित्रों का मूल्यांकन कंपोजिट विद्यालय फतेहपुर बेला के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार व प्राथमिक विद्यालय मोहिउद्दीनपुर बेला के शिक्षक मनीष कुमार ने किया। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा की पायल देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहिउद्दीनपुर बेला की लाडो मौर्या द्वितीय और उच्च प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर बहरेमऊ की शालिनी तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान नोडल संकुल अनुराग मिश्र ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। संकुल शिक्षक अवनीश मिश्र, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास कुमार सहित प्रतिभागी विद्यालयों से आए नोडल शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों के सहयोग और बच्चों के उत्साह से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

