चित्रों में बच्चों ने सजाया अपने सपनों का विकसित भारत

मूरतगंज ब्लाक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में 31 नन्हे कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा, आयुष राजपूत प्रथम, मोहिनी द्वितीय व आराधना तृतीय

1 views

चित्रों में बच्चों ने सजाया अपने सपनों का विकसित भारत

मूरतगंज ब्लाक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में 31 नन्हे कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा, आयुष राजपूत प्रथम, मोहिनी द्वितीय व आराधना तृतीय

कौशाम्बी: विकास खंड मूरतगंज में सेवा संकल्प की थीम ‘मेरे सपनों का भारत’ पर ब्लाक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया। विकास खंड की सभी 10 न्याय पंचायतों से चयनित 34 बच्चों के सापेक्ष 31 नन्हे कलाकारों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरते हुए अपने सपनों के भारत की कल्पना को जीवंत रूप दिया। बच्चों की कलाकृतियों में शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण, तकनीक और देश के विकास की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी व विशिष्ट अतिथि सभासद विजय सिंह पाल रहे। आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी मूरतगंज नीरज कुमार उमराव की उपस्थिति में संपन्न हुआ। मंच का संचालन मारुति नंदन त्रिपाठी ने किया।

आयुष ने हासिल किया पहला स्थान

प्रतियोगिता में डायट प्रवक्ता व कला विशेषज्ञ राजेंद्र भारतीय और एलएलएफ टीम के दीपक कुमार के निर्णायक मंडल ने बच्चों की कलाकृतियों का मूल्यांकन किया। इसमें प्राथमिक विद्यालय पिपरहटा के कक्षा पांच के छात्र आयुष राजपूत ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय मलाक नागर की कक्षा सात की छात्रा मोहिनी ने द्वितीय व उच्च प्राथमिक विद्यालय असवां की छात्रा आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रंजना, विकास, सुष्मिता, आशीष वअमृता को सांत्वना पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में परीक्षा नोडल एआरपी नरेश कुमार के साथ आलोक द्विवेदी, व्योमेश मिश्र, प्रशान्त त्रिपाठी, राहुल पाण्डेय, दिलीप वर्मा, धर्मेंद्र मौर्य व श्यामल सिंह का विशेष सहयोग रहा। अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।