Education
🔴 Breaking

चंद्रशेखर सिंह कालेज आफ फार्मेसी में फ्रेशर पार्टी, याशीन और गरिमा बने मिस्टर व मिस फ्रेशर

डीफार्म प्रथम वर्ष में अंजनी और तनिषा ने भी मारी बाजी, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

11 views

कौशाम्बी: कोइलहा स्थित चंद्रशेखर सिंह कालेज आफ फार्मेसी में शनिवार को फ्रेशर पार्टी 2026 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गीत-संगीत और अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंद्रशेखर सिंह आयुर्वेद संस्थान के प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कालेज में प्रवेश के साथ ही विद्यार्थियों के जीवन का एक नया अध्याय शुरू होता है। इस दौरान उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को परखा गया। इसमें बीफार्म प्रथम वर्ष के याशीन को मिस्टर फ्रेशर और गरिमा को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं, डीफार्म प्रथम वर्ष में अंजनी ने मिस्टर फ्रेशर और तनिषा ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया। खिताब हासिल करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। साथी विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

संस्थान के निदेशक प्रो. डा. एसएन सिंह और प्राचार्य प्रो. एसके गुप्ता ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को एक-दूसरे से परिचित होने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग से अध्ययन करने और संस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

फ्रेशर पार्टी के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में कालेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की भी उपस्थिति रही। समारोह का समापन उल्लासपूर्ण माहौल में हुआ।