Social
🔴 Breaking

ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने किया मां नवदुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन

‘अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारों से गूंजा टेढ़ीमोड़, नम आंखों से दी मां को विदाई

30 views

कौशाम्बी : सिराथू तहसील क्षेत्र के टेढ़ीमोड़ में नौ दिनों तक सजे मां नवदुर्गा के पंडाल में मंगलवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मां की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए विसर्जन के लिए निकले। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु ‘जय माता दी’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मां की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली। निर्धारित स्थान पर पहुंचकर विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ मां नवदुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसके साथ ही नौ दिनों तक चले पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों का समापन हो गया।

वहीं, क्षेत्र के बम्हरौली, पल्टीपुर, निधियावा समेत अन्य गांवों में भी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते और मां के जयकारे लगाते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां को विदाई दी गई। नवरात्र के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। विसर्जन के साथ ही श्रद्धालुओं ने मां से सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवार की मंगलकामना की।