Accident
🔴 Breaking

ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान को लोडर ने रौंदा, मौत

सैनी चौराहे पर वाहनों को हटवा रहे थे महताब अली, हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार; पुलिस ने शुरू की तलाश

16 views

कौशाम्बी: सैनी कोतवाली क्षेत्र के सैनी चौराहे पर बुधवार को ड्यूटी के दौरान एक पीआरडी जवान की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाने के दौरान तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल जवान को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।

सेलराहा पश्चिम निवासी पीआरडी जवान महताब अली की ड्यूटी सैनी चौराहे पर लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह सड़क पर खड़े वाहनों को हटवा रहे थे, तभी तेज गति से आए एक लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सैनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार लोडर चालक की तलाश शुरू कर दी है। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।