कौशाम्बी: परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से शासन की ओर से मध्याह्न भोजन योजना के तहत अतिरिक्त पोषण आहार देने की नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत नवंबर से मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को बच्चों को नियमित मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना की शुरुआत नवंबर के पहले शुक्रवार धनतेरस के दिन से हुई।
शासन की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को संतुलित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर उनके शारीरिक विकास को बढ़ावा देना, पोषण संबंधी कमियों को दूर करना और उन्हें स्वस्थ रखना है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार महीने के पहले और तीसरे शुक्रवार को बच्चों को मीठा हलवा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें शुक्रवार को उपमा दिया जाएगा।
इसी क्रम में कड़ा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में शुक्रवार को बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार के रूप में सूजी का मीठा हलवा परोसा गया। वहीं, मध्याह्न भोजन के निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को तहरी भी खिलाई गई। नियमित भोजन के साथ हलवा मिलने से बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। शिक्षकों ने बताया कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पोषण की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है। इससे बच्चों को विद्यालय में पौष्टिक आहार मिलने के साथ ही उनके खानपान की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इस अवसर पर शिक्षिका माया सिंह, रिया सेठी, बीरेंद्र कुमार और संध्या देवी पटेल सहित विद्यालय के अन्य लोग उपस्थित रहे।

