Education
🔴 Breaking

धनतेरस से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिलने लगा अतिरिक्त पोषण आहार

देवीगंज प्रथम विद्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों को परोसा मीठा हलवा, अतिथियों ने की शासन की पहल की सराहना

49 views

कौशाम्बी: परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शासन की ओर से प्रत्येक शुक्रवार को अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराने की नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसी क्रम में शुक्रवार, छह नवंबर को विकासखंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालय देवीगंज प्रथम में बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार के तहत मीठा हलवा वितरित किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रागिनी केशरवानी ने बच्चों को हलवा परोसकर इस पहल का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रागिनी केशरवानी के साथ श्री अरुण केशरवानी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री राजेंद्र साहू, समाजसेवी श्री कामरान खान, श्री रूमी खान, प्रधानाध्यापक श्री जुबैर अहमद और शिक्षिका नाजमीन बेगम उपस्थित रहीं। अतिथियों ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर शिक्षा के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार पर भी निर्भर करता है। विद्यालयों में अतिरिक्त पोषण आहार उपलब्ध कराने की शासन की यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि बचपन में मिलने वाला उचित पोषण बच्चों को स्वस्थ रखने के साथ उनकी सीखने और समझने की क्षमता को भी मजबूत करता है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में शिक्षा के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देना सराहनीय कदम है। इससे बच्चों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक करने के साथ विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि शासन की नई व्यवस्था के तहत नवंबर से मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को अतिरिक्त पोषण आहार दिया जाएगा। निर्धारित मेन्यू के अनुसार पहले और तीसरे शुक्रवार को मीठा हलवा तथा दूसरे, चौथे और पांचवें शुक्रवार को उपमा परोसा जाएगा। इस पहल से बच्चों को नियमित मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त विशेष पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।