Education
🔴 Breaking

दिव्यांग बच्चों को कमजोर न समझें, नियमित विद्यालय भेजें अभिभावक

बीआरसी कड़ा में 52 दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों की हुई काउंसलिंग, सरकारी योजनाओं व शिक्षण सुविधाओं की दी गई जानकारी

24 views

कौशाम्बी: दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए बुधवार को बीआरसी कड़ा में अभिभावक परामर्श कार्यक्रम का प्रथम चरण आयोजित किया गया। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत आयोजित इस काउंसलिंग में विकासखंड कड़ा के 52 दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों की जरूरतों, उनकी शिक्षा, देखभाल और शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विकास वर्मा, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पांडेय और खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में अभिभावकों को दिव्यांग बच्चों के बेहतर शैक्षिक व सामाजिक विकास के लिए जागरूक किया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को कमजोर समझने के बजाय उनकी क्षमताओं को पहचानना चाहिए। उन्हें अन्य बच्चों की तरह समान अवसर और सम्मान दिया जाए। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के साथ ही उनकी शिक्षा और दैनिक गतिविधियों में भी अभिभावक सहयोग करें, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पांडेय ने दिव्यांग बच्चों के लिए शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। परामर्शदाता व स्पेशल एजुकेटर पुष्पेंद्र कुमार द्विवेदी, नीता मिश्रा, रिसोर्स पर्सन राजीव कुमार और वीरेंद्र कुमार ने दिव्यांगता के कारणों, उसके विभिन्न प्रकारों और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।

विशेषज्ञों ने दिव्यांग बच्चों के लिए जरूरी सहायक उपकरणों, गंभीर दिव्यांगता वाले बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण, गृह आधारित शिक्षा और दैनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही बच्चों की शिक्षा में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में बीआरसी के समस्त कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।