Accident
🔴 Breaking

दुर्गा भाभी सेतु से पहले सड़क पर 10 घंटे फंसा बालू लदा ट्रक

संकरे रास्ते के कारण आवागमन में हुई परेशानी, बैकहो लोडर की मदद से निकाला गया ट्रक

6 views

कौशाम्बी:सिराथू तहसील के शहजादपुर स्थित क्रांतिकारी दुर्गा भाभी सेतु से पहले बनी सड़क पर शनिवार भोर में बालू लदा ट्रक फंस गया। करीब 10 घंटे तक ट्रक के फंसे रहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क संकरी होने के कारण ट्रक को निकालने में काफी समय लगा।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को बालू लदा ट्रक सेतु से पहले बनी सड़क पर फंस गया था। ट्रक के सड़क पर रुक जाने से अन्य वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हुई। खासकर आसपास के ग्रामीणों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

काफी प्रयास के बाद बैकहो लोडर की मदद से ट्रक को सड़क से बाहर निकाला गया। इसके बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे पर्याप्त मिट्टी न होने और रास्ता संकरा होने के कारण बड़े वाहनों के फंसने की समस्या सामने आती रहती है।

लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क के किनारों को व्यवस्थित कराने और आवश्यकतानुसार मिट्टी डलवाकर रास्ते को सुरक्षित व सुगम बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बड़े वाहनों के फंसने से राहगीरों को परेशानी न उठानी पड़े।