Education
🔴 Breaking

एफएलएन प्रशिक्षण में शिक्षण गुणवत्ता सुधार पर जोर, गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा

बीआरसी सरसवां में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, नई एनसीईआरटी पुस्तकों, कैच-अप शिक्षण और निपुण लक्ष्यों पर शिक्षकों को किया गया प्रशिक्षित

53 views

कौशाम्बी : राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देश पर उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्या जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर के कुशल निर्देशन तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सरसवां में एफएलएन एवं एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से दक्ष बनाकर विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी शिक्षकों को कैच-अप शिक्षण, बालवाटिका से कक्षा पांच तक के निपुण लक्ष्य, कक्षा चार की नई पाठ्यपुस्तक 'वीणा', गणित मेला, शिक्षक डायरी, स्मार्ट क्लास, निपुण तालिका, पुस्तकालय तथा कार्यपुस्तिका के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने गतिविधियों के माध्यम से बताया कि उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सहभागी और परिणामदायी बनाता है।

प्रशिक्षण में पुस्तकालय की पुस्तकों के नियमित उपयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचारों को अपनाने तथा कक्षा शिक्षण को बाल-केंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रत्येक शिक्षक को कक्षा में प्रभावी शिक्षण रणनीतियों का प्रयोग करना होगा। प्रतिभागी शिक्षकों ने भी अपने-अपने विद्यालयों में प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को लागू कर शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षित शिक्षक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों को नियमित रूप से विद्यालयों में लागू करने का आह्वान किया, जिससे प्रत्येक बच्चा निपुण बन सके।

प्रशिक्षण में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) का सहयोग रहा। एलएलएफ टीम से राजू एवं संतोष कुमार ने संदर्भदाता के रूप में प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि एआरपी टीम सरसवां ने प्रशिक्षण के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।