Education
🔴 Breaking

गुरु पूर्णिमा पर गोरखपुर पहुंचने का शिक्षकों से किया आह्वान

सहायक अध्यापक बने शिक्षामित्रों को पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग पर हुआ मंथन, 12 जुलाई के कार्यक्रम की बनाई रणनीति

13 views

कौशाम्बी : संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश की कौशांबी इकाई की बैठक रविवार को डायट मैदान परिसर में जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र सेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत समायोजित शिक्षामित्रों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने की मांग पर मंथन किया गया। साथ ही गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 12 जुलाई को गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के आह्वान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने जिले के शिक्षकों और शिक्षामित्रों से गोरखपुर पहुंचकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की।

बैठक के दौरान 6 जून को प्रयागराज में आयोजित संगठन के वार्षिक सम्मेलन में हुए निर्णयों और गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। इसकी समीक्षा अजय कुमार सिंह ने प्रस्तुत की। वक्ताओं ने कहा कि सहायक अध्यापक बने शिक्षामित्रों को पुरानी पेंशन योजना से वंचित रखना उनके साथ अन्याय है और संगठन इस मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है।

जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र सेन ने कहा कि शिक्षकों और शिक्षामित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयासरत है तथा पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

बैठक में गोविंद सिंह, राजेश सिंह, प्रभात सिंह, नीलमणि श्रीवास्तव, अमर सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षामित्र मौजूद रहे।