कौशाम्बी: जिले में परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से "स्कूल चलो अभियान" का भव्य शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर और जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य छह से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कर उन्हें निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यदि अभिभावक अपने बच्चों से सच्चा प्यार करते हैं तो उन्हें शिक्षा के अधिकार से वंचित न रखें और विद्यालय अवश्य भेजें।
उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में सरकार की ओर से बच्चों को निःशुल्क किताबें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग, मध्याह्न भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्मार्ट क्लास और प्रशिक्षित शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान के तहत घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा, ताकि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से अपने नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का प्रवेश कराने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
