कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी के सूने घर को निशाना बनाते हुए चोर करीब 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी समेट ले गए। घटना से इलाके में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, व्यवसायी राजेश बाबू केसरवानी 28 जून को परिवार के साथ हरिद्वार घूमने गए थे। उन्हें चार जुलाई को वापस लौटना था। इसी बीच गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित के भतीजे विकास केसरवानी ने कोखराज थाने में तहरीर देकर बताया कि चोर करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें चेन, मंगलसूत्र, हार, नथ, लॉकेट और अंगूठियां शामिल हैं, के अलावा करीब दो किलोग्राम चांदी के जेवर तथा लगभग ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह तब हुई, जब पड़ोसी ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद विकास केसरवानी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी के ताले टूटे हुए थे।
कोखराज थाना प्रभारी सीबी मौर्य ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
