Education
🔴 Breaking

ई-कचरे के खतरों से रूबरू हुए बच्चे, चित्रों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विशेष अभियान 6.0 के तहत प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में आयोजित हुईं जागरूकता गतिविधियां

217 views

ई-कचरे के खतरों से रूबरू हुए बच्चे, चित्रों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विशेष अभियान 6.0 के तहत प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में आयोजित हुईं जागरूकता गतिविधियां

प्रश्नोत्तरी में बच्चों ने दिए जवाब, शिक्षकों ने सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक

कौशाम्बी : इलेक्ट्रानिक उपकरणों का बढ़ता इस्तेमाल जहां लोगों की जिंदगी को आसान बना रहा है, वहीं अनुपयोगी उपकरणों से निकलने वाला ई-कचरा पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसके सुरक्षित निस्तारण के प्रति बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत कड़ा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में इको क्लब फार मिशन लाइफ के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यार्थियों को ई-कचरे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ प्रश्नोत्तरी और चित्रकला गतिविधियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

विद्यालय में शिक्षिका रिया सेठी ने बच्चों को ई-कचरे के विभिन्न स्वरूपों और उससे होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पुराने मोबाइल फोन, चार्जर, बैटरी, कंप्यूटर और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रानिक उपकरणों को सामान्य कूड़े में नहीं फेंकना चाहिए। इनमें मौजूद कुछ हानिकारक पदार्थ मिट्टी, पानी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे उपकरणों को इधर-उधर फेंकने या जलाने के बजाय अधिकृत संग्रह केंद्रों या निर्धारित ई-कचरा संग्रह व्यवस्था के माध्यम से निस्तारित करना चाहिए।

ई-कचरे को पहचानने और सही निस्तारण की मिली जानकारी

शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। घरों में खराब पड़े मोबाइल, टूटे चार्जर, पुरानी बैटरियां और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों को बेकार समझकर सामान्य कूड़े में डाल देना उचित नहीं है। बच्चों को चाहिए कि वे स्वयं ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक बनें और अपने अभिभावकों को भी इसकी जानकारी दें। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि इलेक्ट्रानिक उपकरणों का उपयोग करने के साथ उनके खराब होने के बाद उचित निस्तारण की जानकारी होना भी जरूरी है। बच्चों के माध्यम से यह जागरूकता परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचेगी, जिससे समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

प्रश्नोत्तरी में बच्चों ने दिखाई समझदारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से ई-कचरे की पहचान, उसके दुष्प्रभावों और सुरक्षित निस्तारण से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रश्नोत्तरी में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, पुराने मोबाइल फोन जैसे अनुपयोगी इलेक्ट्रानिक उपकरणों की पहचान और ईपीआर (एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पॉन्सिबिलिटी) के पूर्ण रूप से जुड़े सवाल भी शामिल रहे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवालों के जवाब दिए। इसके साथ ही चित्रकला गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और ई-कचरे के उचित प्रबंधन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शिक्षामित्र संध्या देवी पटेल व वालियंटर रोहिणी देवी भी उपस्थित रहीं। विद्यालय में आयोजित गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को ई-कचरे के खतरों से परिचित कराना और उनके माध्यम से समुदाय तक सुरक्षित निस्तारण का संदेश पहुंचाना रहा।

क्या कहते है अधिकारी

ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता आज की जरूरत है। विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को ई-कचरे के दुष्प्रभावों और उसके सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी जा रही है। बच्चों की सक्रिय भागीदारी से यह संदेश परिवारों और समुदाय तक पहुंचेगा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी।

नीरज कुमार उमराव, खंड शिक्षा अधिकारी, कड़ा