कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी 18 वर्षीय शनि सरोज की रविवार सुबह करीब 7:30 बजे डीएफसी लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार हादसे के समय शनि कान में इयरबड्स लगाए मोबाइल पर रील देख रहा था। मोबाइल में व्यस्त होने और कान में इयरबड्स लगे होने के कारण वह ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुन सका और समय रहते पटरी से नहीं हट पाया।
शनि मुंबई में रहकर काम करता था और रक्षाबंधन के त्योहार पर घर आया था। उसके पिता कमलेश सरोज गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बड़ा भाई आनंद सरोज (20) पुणे में रहकर काम करता है, जबकि छोटा भाई सीओ (16) गांव में ही रहता है।
रविवार सुबह शनि गांव के पास से गुजर रही डीएफसी लाइन के किनारे बैठा था। इसी दौरान प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी वहां पहुंच गई। ग्रामीणों के मुताबिक शनि मोबाइल देखने में इतना व्यस्त था कि उसे ट्रेन के आने का पता नहीं चला। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर शहजादपुर चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में रोना-पिटना मच गया।
