कौशांबी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सोमवार को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, टेवा का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय में पठन-पाठन, छात्रावास और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को परखा और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य विनोद त्रिपाठी से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की संख्या तथा कार्यरत शिक्षकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर पठन-पाठन की स्थिति देखी। कक्षाओं में स्मार्ट क्लास के माध्यम से शिक्षण कार्य होता पाया गया। जिलाधिकारी ने शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बालिका एवं बालक छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए छात्रावासों में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश प्रधानाचार्य को दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की मेस का भी निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए उन्होंने स्वयं भोजन किया। भोजन की गुणवत्ता ठीक पाई गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
