कौशाम्बी : पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण प्रजापत ने विभागीय अनुशासन को लेकर शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। थानों में कारखासी करने और कार्यप्रणाली में अनियमितता के आरोप में 20 आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी की इस कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि विभाग में अनुशासनहीनता, अनुचित हस्तक्षेप और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि संबंधित आरक्षियों की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। एसपी के इस सख्त रुख को कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आगे भी कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
