Education
🔴 Breaking

कायाकल्प और नवाचार से विद्यालय को संवारा, दिव्य रत्न यादव बने उत्कृष्ट शिक्षक

प्राथमिक विद्यालय अहमतिया में बेहतर शैक्षिक वातावरण व गतिविधि आधारित शिक्षण के लिए शिक्षक दिवस पर मिला सम्मान

386 views

कौशाम्बी: शिक्षक दिवस के अवसर पर उदयन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कौशांबी ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय अहमतिया के सहायक अध्यापक दिव्य रत्न यादव को उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित किया गया। विद्यालय में बेहतर कायाकल्प, कक्षा-कक्ष में शैक्षिक वातावरण विकसित करने तथा बच्चों को नवाचार आधारित शिक्षण उपलब्ध कराने के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने दिव्य रत्न यादव को अंगवस्त्र एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर शिक्षक ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसके प्रयासों से विद्यालय के वातावरण में सकारात्मक बदलाव आए और बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़े।

दिव्य रत्न यादव ने विद्यालय में बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक माहौल तैयार करने के साथ ही शिक्षण कार्य को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों को अपनाया। कक्षा-कक्ष को आकर्षक एवं शिक्षण सामग्री से युक्त बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों को गतिविधि आधारित एवं आनंददायी तरीके से सीखने का अवसर मिल रहा है।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिक्षक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे शिक्षक अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। सम्मान मिलने से दिव्य रत्न यादव के सहकर्मियों और क्षेत्र के शिक्षकों में भी खुशी का माहौल रहा।