Sports
🔴 Breaking

कौशांबी और प्रतापगढ़ ने जीत के साथ सेमीफाइनल में किया प्रवेश

कौशांबी ने प्रयागराज को 16 रन से हराया, प्रतापगढ़ ने गाजीपुर पर 26 रन से दर्ज की जीत; आशीष आर्य और संतोष सिंह बने मैन ऑफ द मैच

161 views

कौशाम्बी: टीचर्स लार्ड बुद्धा कप क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मुकाबलों में कौशांबी और प्रतापगढ़ की शिक्षक टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बीबीएस कालेज कादिलपुर में खेले गए मुकाबले में कौशांबी ने प्रयागराज को 16 रन से शिकस्त दी, जबकि विद्या भारती स्टेडियम में प्रतापगढ़ ने गाजीपुर को 26 रन से हराया।

बीबीएस कालेज कादिलपुर में कौशांबी और प्रयागराज की शिक्षक टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। कौशांबी के कप्तान सुशील तिवारी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 161 रन बनाए। कौशांबी की ओर से सौरभ त्रिपाठी ने 37, मनोज वर्मा ने 30, आशीष आर्य ने 25, मारुति नंदन त्रिपाठी ने 15 और कप्तान सुशील तिवारी ने 11 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम निर्धारित 20 ओवर में 145 रन ही बना सकी। प्रयागराज की ओर से रंजीत रंजन ने 31, विनय कुमार सिंह ने 21 और शैलेंद्र यादव व विकास सिंह ने 20-20 रन बनाए। इस तरह कौशांबी ने 16 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में राजेश शुक्ला और मनोज वर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि सूरज सिंह ने एक विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष आर्य को मैन आफ द मैच घोषित किया गया।

उधर, विद्या भारती स्टेडियम में प्रतापगढ़ और गाजीपुर के बीच मुकाबला खेला गया। प्रतापगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 142 रन बनाए। टीम की ओर से दुष्यंत सिंह और संतोष सिंह ने 36-36 रन, जबकि प्रशांत सिंह और राजीव सिंह ने 21-21 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर की टीम 116 रन ही बना सकी। गाजीपुर की ओर से संदीप ने 33 और संजीव सिंह ने 24 रन बनाए। प्रतापगढ़ की ओर से मुन्ना यादव ने दो और संदीप यादव ने एक विकेट हासिल किया। प्रतापगढ़ ने यह मुकाबला 26 रन से जीत लिया। संतोष सिंह को मैन आफ द मैच चुना गया।