Education
🔴 Breaking

कौशांबी के शिक्षकों, विद्यालयों व ग्राम पंचायतों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान का मौका

सीखो सिखाओ अवार्ड्स 2026 के लिए 20 सितंबर तक होंगे आवेदन, पांच श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार

24 views

कौशांबी : परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कर्मवीरों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सीखो सिखाओ फाउंडेशन’ की ओर से सीखो सिखाओ अवार्ड्स 2026 की घोषणा की गई है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा व माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन पार्थ सारथी सेन शर्मा ने 27 अगस्त को प्रदेश के सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर अधिक से अधिक लोगों को आवेदन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।

अवार्ड के अंतर्गत शिक्षक पुरस्कार, विद्यालय पुरस्कार, ग्राम पंचायत पुरस्कार, ब्लाक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पुरस्कार और बालिका शिक्षा पुरस्कार समेत पांच श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। बालिका शिक्षा श्रेणी में प्रदेश स्तर पर एक विजेता का चयन किया जाएगा। वहीं शिक्षक, विद्यालय, ग्राम पंचायत और बीआरसी श्रेणियों में प्रदेश से चार-चार विजेता व चार-चार उपविजेताओं का चयन होगा।

पुरस्कार के अंतर्गत बालिका शिक्षा श्रेणी के विजेता को तीन लाख रुपये दिए जाएंगे। शिक्षक पुरस्कार में प्रत्येक विजेता को एक लाख और उपविजेता को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। विद्यालय, ग्राम पंचायत और बीआरसी श्रेणी में प्रत्येक विजेता को तीन लाख रुपये व उपविजेता को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है कि कौशांबी समेत प्रदेश के सभी जिलों में शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और बीआरसी को पुरस्कार योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसमें भाग ले सकें। आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।