Education
🔴 Breaking

कौशांबी के स्कूलों में गूंजेंगे प्रेरणा के तराने, गीतों से गढ़ेंगे बच्चों का व्यक्तित्व

एसआइईटी ने तैयार किए 13 प्रार्थना गीतों के वीडियो, प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दी है आवाज, स्कूलों में नियमित गायन को मिलेगा बढ़ावा

58 views

कौशाम्बी : कौशांबी के परिषदीय विद्यालयों में अब सुबह की प्रार्थना सभा केवल प्रार्थना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का माध्यम भी बनेगी। विद्यालयों में प्रेरणादायी गीतों के सामूहिक गायन को बढ़ावा देने के लिए राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआइईटी), उत्तर प्रदेश ने 13 प्रार्थना गीतों के वीडियो तैयार किए हैं। इनमें ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘हम होंगे कामयाब’ और ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’ जैसे सदाबहार गीत शामिल हैं। शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ जीवन मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से भी जोड़ना है।

बुधवार को अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा की ओर से इन गीतों के वीडियो का विमोचन किया गया। खास बात यह है कि गीतों को प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपनी आवाज दी है। विभाग की ओर से राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिक्षकों को प्रार्थना सभा में इन गीतों का नियमित गायन कराने के लिए प्रेरित किया गया है। कौशांबी के विद्यालयों में भी इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने से सुबह की गतिविधियों को अधिक रोचक और उद्देश्यपूर्ण बनाया जा सकेगा।

गीतों के जरिए बच्चों में विकसित होंगे जीवन मूल्य

विद्यालयों में प्रार्थना सभा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर होती है। सामूहिक रूप से प्रेरक गीत गाने से बच्चों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। ‘ज्योत से ज्योत जगाते चलो’ और ‘तू प्यार का सागर है’ जैसे गीत बच्चों को प्रेम, सद्भाव और सेवा का संदेश देते हैं। वहीं, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’ और ‘इंसाफ की डगर पे, बच्चों दिखाओ चल के’ जैसे गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, न्याय और सामाजिक दायित्वों की सीख मिलेगी। इसका उद्देश्य बच्चों के भीतर अच्छे विचारों और सकारात्मक व्यवहार की नींव मजबूत करना है।

इन 13 गीतों से सजेगी विद्यालयों की सुबह

एसआइईटी की ओर से तैयार किए गए गीतों में ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘हम होंगे कामयाब’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’, ‘तू प्यार का सागर है’, ‘ज्योत से ज्योत जगाते चलो’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’, ‘इंसाफ की डगर पे, बच्चों दिखाओ चल के’, ‘तेरी है जमीं, तेरा आसमान’, ‘तेरी पनाह में हमें रखना’, ‘ओ पालनहारे, निर्गुण और न्यारे’, ‘तुम्हीं हो माता-पिता तुम्हीं हो’ और ‘बादल पे पांव है’ शामिल हैं।

इन सभी गीतों के वीडियो निपुण उत्तर प्रदेश के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध हैं। विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर और अन्य डिजिटल संसाधनों के माध्यम से बच्चों को इन गीतों से जोड़ा जा सकता है। नियमित सामूहिक गायन से प्रार्थना सभा में बच्चों की सहभागिता बढ़ेगी और विद्यालय का वातावरण भी अधिक सकारात्मक बनेगा।

प्रार्थना सभा बच्चों के सर्वांगीण विकास का अहम हिस्सा है। प्रेरणादायी गीतों के सामूहिक गायन से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। विद्यालयों में इन गीतों को नियमित रूप से शामिल करने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया गया है और उन्हें प्रेरित किया जाएगा, ताकि पढ़ाई के साथ बच्चों का व्यक्तित्व और संस्कार भी मजबूत हों।

नीरज कुमार उमराव

खंड शिक्षा अधिकारी, कड़ा