कौशाम्बी : कौशांबी के परिषदीय विद्यालयों में अब सुबह की प्रार्थना सभा का स्वरूप और अधिक प्रेरणादायी होने जा रहा है। विद्यालयों में बच्चों की दिनचर्या की शुरुआत केवल प्रार्थना और सामान्य गतिविधियों तक सीमित न रहकर उन्हें जीवन के बेहतर मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का माध्यम बनेगी। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके व्यक्तित्व को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआइईटी), उत्तर प्रदेश ने 13 प्रेरणादायी प्रार्थना गीतों के वीडियो तैयार किए हैं। इनमें ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘हम होंगे कामयाब’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’ और ‘ज्योत से ज्योत जगाते चलो’ जैसे लोकप्रिय गीत शामिल हैं। इन गीतों के नियमित सामूहिक गायन से विद्यालयों में ऐसा शैक्षिक वातावरण तैयार करने की पहल की गई है, जहां पढ़ाई के साथ बच्चों में नैतिकता, संवेदनशीलता, सहयोग और सकारात्मक सोच का भी विकास हो सके।
28 अक्टूबर को अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा की ओर से इन 13 प्रार्थना गीतों के वीडियो का विमोचन किया गया। इन गीतों की खासियत यह है कि इन्हें प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपनी आवाज दी है। यानी बच्चों को सुनाई देने वाले इन प्रेरक स्वरों के पीछे उनके अपने शिक्षक और साथी विद्यार्थी हैं। शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में इन वीडियो का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों को प्रार्थना सभा में इन गीतों का नियमित सामूहिक गायन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कौशांबी के विद्यालयों में भी इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी है।
प्रार्थना सभा बनेगी व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला
विद्यालय की सुबह बच्चों के लिए पूरे दिन की गतिविधियों की दिशा तय करती है। ऐसे में प्रार्थना सभा को केवल औपचारिकता के बजाय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। सामूहिक रूप से प्रेरक गीत गाने से बच्चों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन, सामूहिकता और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। गीतों के भाव और उनके संदेश बच्चों को जीवन की छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण सीख देते हैं। ‘हमको मन की शक्ति देना’ बच्चों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य और सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है, जबकि ‘हम होंगे कामयाब’ आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और लक्ष्य प्राप्ति के संकल्प को मजबूत करता है।
इसी तरह ‘ज्योत से ज्योत जगाते चलो’ के माध्यम से दूसरों के जीवन में सकारात्मकता और खुशियां बांटने का संदेश मिलता है। ‘तू प्यार का सागर है’ और ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’ जैसे गीतों में प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की सीख समाहित है। इन गीतों के नियमित अभ्यास से बच्चे केवल शब्दों को याद नहीं करेंगे, बल्कि उनके भावों को समझने और अपने व्यवहार में उतारने के लिए भी प्रेरित होंगे।
देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का भी मिलेगा संदेश
एसआइईटी की ओर से तैयार गीतों का चयन भी बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखकर किया गया है। ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’ गीत के माध्यम से विद्यार्थियों में देश की विविधता, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के प्रति लगाव विकसित होगा। वहीं ‘इंसाफ की डगर पे, बच्चों दिखाओ चल के’ के जरिए न्याय, ईमानदारी और सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा मिलेगी। ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ बच्चों को सद्बुद्धि, अच्छे कर्म और विपरीत परिस्थितियों में भी सही निर्णय लेने का भाव सिखाता है।
‘तेरी है जमीं, तेरा आसमान’ और ‘तेरी पनाह में हमें रखना’ जैसे गीत बच्चों में विनम्रता, कृतज्ञता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होंगे। वहीं ‘ओ पालनहारे, निर्गुण और न्यारे’ और ‘तुम्हीं हो माता-पिता तुम्हीं हो’ के माध्यम से बच्चों को श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का संदेश मिलेगा। ‘बादल पे पांव है’ गीत उन्हें ऊंचे सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। इस तरह 13 गीतों के माध्यम से बच्चों को जीवन के अलग-अलग पहलुओं से परिचित कराने की कोशिश की गई है।
डिजिटल संसाधनों से बच्चों तक पहुंचेंगे प्रेरक गीत
इन सभी 13 गीतों के वीडियो निपुण उत्तर प्रदेश के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट टीवी, प्रोजेक्टर और अन्य डिजिटल संसाधनों के माध्यम से इन गीतों को बच्चों तक पहुंचाया जा सकता है। जिन विद्यालयों में डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां वीडियो के साथ गीतों का अभ्यास कराया जा सकेगा। इससे बच्चों को गीतों के बोल, लय और भाव समझने में आसानी होगी। शिक्षक भी इन गीतों को अपनी नियमित प्रार्थना सभा का हिस्सा बनाकर बच्चों की सहभागिता बढ़ा सकेंगे।
इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि सामूहिक गायन से बच्चों में मंच पर बोलने और समूह के सामने अपनी सहभागिता दर्ज कराने का संकोच कम होगा। नियमित अभ्यास से उनकी स्मरण शक्ति, उच्चारण, सुनने और समझने की क्षमता तथा समूह में मिलकर काम करने की आदत को भी बढ़ावा मिलेगा। शिक्षा विभाग की मंशा है कि विद्यालयों का वातावरण केवल पाठ्यपुस्तकों और परीक्षा परिणामों तक सीमित न रहे, बल्कि बच्चों में अच्छे नागरिक बनने के गुण भी विकसित हों।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगे प्रेरक गीत
खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने बताया कि प्रार्थना सभा बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रेरणादायी गीतों के सामूहिक गायन से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। एसआइईटी की ओर से तैयार किए गए सभी 13 गीतों को विद्यालयों की नियमित गतिविधियों में शामिल कराने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया गया है। उन्हें इसके लिए प्रेरित भी किया जाएगा, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
