Education
🔴 Breaking

खेल, कला और रचनात्मकता के रंगों से सजा बाल उत्सव, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

चित्रकला, क्ले माडलिंग, रंगोली और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए बच्चों को मिला हुनर दिखाने का मंच

18 views

कौशाम्बी: विकासखंड मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय महगांव में गुरुवार को बाल उत्सव का आयोजन किया गया। ज्ञान, उमंग और रंगों से सजे इस उत्सव में बच्चों ने विभिन्न शैक्षिक, रचनात्मक, कलात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को किताबी पढ़ाई से इतर खेल, कला, संगीत और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना रहा।

खंड शिक्षा अधिकारी मूरतगंज अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित उत्सव में बच्चों की रुचि और रचनात्मक क्षमता को निखारने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रेड पेंटिंग, लीफ पेंटिंग, थंब पेंटिंग, क्ले माडलिंग, चित्रों में रंग भरने, रंगोली बनाने, पेपर फोल्डिंग और पेपर कटिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। इसके साथ ही खेलकूद, मनोरंजक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बाल प्रतिभा मंच के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

उत्सव के दौरान पुस्तकालय गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में पुस्तक पढ़ने और कहानियों के प्रति रुचि विकसित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने और गतिविधियों के संचालन में अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) व्योमेश मिश्र और नरेश कुमार व लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के दीपक कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षक निधि श्रीवास्तव, कीर्ति सिंह, विवेक मिश्रा और जितेंद्र प्रसाद ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बच्चों का मार्गदर्शन किया।

आयोजन के माध्यम से बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और सीखने के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया गया। बाल उत्सव ने विद्यालय परिसर को बच्चों की कल्पनाओं, रंगों और उत्साह से सराबोर कर दिया। अंत में उत्कृष्ट बच्चों को माला पहनाकर मोमेंटो व स्टेशनरी देकर पुरस्कृत किया गया।