कौशांबी: सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने बुधवार को कोखराज गांव में महिला किसानों के बीच पहुंचकर उनके साथ धान की रोपाई की। क्षेत्र से गुजरते समय उनकी नजर खेत में धान की रोपाई कर रही महिलाओं पर पड़ी तो उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद वह सीधे खेत में पहुंचीं और महिलाओं के साथ धान की रोपाई में हाथ बंटाया। विधायक को अपने बीच खेत में काम करते देख महिला किसानों में उत्साह का माहौल रहा।
रोपाई के दौरान विधायक ने महिला किसानों से खेती-किसानी की वर्तमान स्थिति, धान की फसल, सिंचाई व्यवस्था, बढ़ती खेती की लागत, मजदूरी और मौसम की चुनौतियों को लेकर विस्तार से बातचीत की। महिलाओं ने उन्हें खेती में आने वाली विभिन्न कठिनाइयों से अवगत कराया। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास का भरोसा दिलाया।
पत्रकारों से बातचीत में पल्लवी पटेल ने कहा कि "जब तक किसान की मेहनत को करीब से नहीं समझा जाएगा, तब तक उसे उसकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल सकता। खेत में उतरकर ही किसानों की वास्तविक परिस्थितियों और उनकी कठिन मेहनत का एहसास होता है।" उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं और उनकी मेहनत का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
करीब कुछ समय तक खेत में रुककर विधायक ने महिला किसानों के साथ धान की रोपाई की और ग्रामीणों से भी मुलाकात कर कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। विधायक का किसानों के बीच पहुंचकर खेत में उतरना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
