Education
🔴 Breaking

खीर-पूड़ी के साथ प्राथमिक विद्यालय चायल में हुआ तिथि भोज

सहायक अध्यापक आनंद कुमार के जन्मदिन पर बच्चों को कराया गया विशेष भोज, स्वादिष्ट व्यंजनों का लिया आनंद

33 views

कौशांबी :उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी कौशांबी के निर्देश के क्रम में प्राथमिक विद्यालय चायल में बच्चों के लिए तिथि भोज का आयोजन किया गया। सहायक अध्यापक आनंद कुमार के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित तिथि भोज में बच्चों को खीर-पूड़ी, दमालू और पुलाव सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। विशेष भोज को लेकर बच्चों में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रधानाध्यापक आरती ने बताया कि तिथि भोज की जानकारी मिलने के बाद बच्चों में प्रातःकाल से ही उत्साह बना हुआ था। शिक्षक रघुनाथ द्विवेदी ने बताया कि बच्चों को विशेष भोज के व्यंजन काफी पसंद आए। रोज की अपेक्षा आज भोजन को लेकर बच्चों में अधिक ललक दिखाई दी। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भोजन किया और खीर का आनंद लेते हुए खूब चहके।

शासन की मंशा के अनुरूप एआरपी पुष्पेंद्र सिंह ने अध्यापकों के साथ बैठकर बच्चों के साथ भोजन चखा। उन्होंने तिथि भोज कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में सामूहिकता और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना बढ़ाने में सहायक होते हैं।

कक्षा चार के छात्र आयुष ने बताया कि भोजन अत्यंत स्वादिष्ट था, जबकि भविष्य ने दमालू को विशेष रूप से स्वादिष्ट बताया। बच्चों ने खूब छककर भोजन किया और विशेष भोज का आनंद लिया।

प्रधानाध्यापक आरती ने बताया कि तिथि भोज की तैयारी में विद्यालय की रसोइयों ने सुबह से ही मेहनत की। रसोइयों अंजू, कमलेश, मंदा देवी, अनीता देवी एवं पुष्पा देवी ने पूरी लगन के साथ बच्चों के लिए स्वादिष्ट भोजन तैयार किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भोजन माताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही।