Sports
🔴 Breaking

खोजवापुर के दंगल में जानी यादव ने चीता पहलवान को दी पटखनी, नीरज बने दंगल चैंपियन

कई प्रदेशों के पहलवानों ने दिखाया दमखम, बिना मुकाबले नीरज और रमाकांत ने जीता चैंपियन का खिताब

54 views

कौशाम्बी: सिराथू तहसील के खोजवापुर गांव में आयोजित दो दिवसीय इनामी दंगल का रविवार को समापन हो गया। दंगल में विभिन्न प्रदेशों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अखाड़े में पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे रहे। पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

दंगल के प्रमुख मुकाबलों में अजय हमीरपुर को हराकर राजेश चित्रकूट धाम ने जीत हासिल की। सूरज सतना को पटकनी देकर छोटू प्रयागराज विजयी रहे। प्रमोद बांदा को हराकर चीता पहलवान पंजाब ने जीत दर्ज की। वहीं, प्रमोद बनारस को पटखनी देकर शिवलोचन चित्रकूट ने मुकाबला अपने नाम किया। एक अन्य रोमांचक मुकाबले में चीता पहलवान पंजाब को हराकर जानी यादव सैफई, इटावा ने जीत हासिल की।

वहीं, शिवलोचन चित्रकूट और राजेश पश्चिम शरीरा, कौशांबी के बीच भी जोरदार कुश्ती हुई। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब जोर आजमाइश की, लेकिन किसी को निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी। अंततः यह मुकाबला बिना किसी फैसले के बराबरी पर छूट गया। इनके अलावा भी कई पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेच आजमाकर दमखम दिखाया।

दंगल में नीरज पहलवान गुलामीपुर ने दंगल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। हालांकि, इस खिताब के लिए अखाड़े में कोई भी पहलवान उनके सामने मुकाबला करने के लिए नहीं उतरा। इस कारण नीरज पहलवान को बिना कुश्ती लड़े ही दंगल चैंपियन घोषित किया गया। इसी तरह रमाकांत पहलवान गुलामीपुर ने तहसील चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। उनके सामने भी मुकाबले के लिए कोई पहलवान अखाड़े में नहीं आया, जिससे उन्हें बिना कुश्ती लड़े ही तहसील चैंपियन का खिताब मिल गया।

दंगल और मेले का आयोजन ग्राम प्रधान प्रशासक राजेश मिश्रा उर्फ बबलू और गांव के सम्मानित थानेश्वर सिंह की अगुवाई में किया गया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की भीड़ जुटी रही। कुश्ती प्रेमियों ने पहलवानों के प्रदर्शन का आनंद लिया और विजेता पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।