Education
🔴 Breaking

खरीद-बिक्री कर बच्चों ने सीखे लेनदेन के गुर, वित्तीय साक्षरता का दिया संदेश

मिशन शक्ति 6.0 के तहत बच्चों को बचत, खर्च और रुपये के सही उपयोग की दी गई जानकारी

20 views

कौशाम्बी: मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत गुरुवार को कड़ा विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को रुपये के लेनदेन, खरीद-बिक्री, बचत और धन के सही उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आर्थिक व्यवहार की बुनियादी समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्टाल लगाकर गतिविधि में भाग लिया, वहीं बच्चों ने क्रय-विक्रय का अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने वस्तुओं की खरीदारी और बिक्री के साथ रुपये के लेनदेन का तरीका सीखा। गतिविधि के जरिए बच्चों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि दैनिक जीवन में पैसों का हिसाब-किताब रखना, जरूरत के अनुसार खर्च करना और बचत की आदत डालना कितना महत्वपूर्ण है। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में प्रतिभाग किया और व्यवहारिक रूप से वित्तीय लेनदेन की जानकारी प्राप्त की।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने बच्चों को वित्तीय साक्षरता के महत्व से परिचित कराते हुए कहा कि कम उम्र से ही बच्चों को धन के सही उपयोग, बचत और लेनदेन की जानकारी देना जरूरी है। इससे उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और वे भविष्य में आर्थिक निर्णय लेने के प्रति जागरूक बनते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस तरह की गतिविधियां बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को आर्थिक रूप से जागरूक बनाना और उन्हें दैनिक जीवन में वित्तीय व्यवहार की समझ देना रहा। इस अवसर पर शिक्षिका माया सिंह, रिया सेठी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।