कौशाम्बी: मिशन शक्ति के अंतर्गत कड़ा ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कंथुआ में शुक्रवार को नवरात्रि के उपलक्ष्य में कन्या भोज का आयोजन किया गया। विद्यालय के शिक्षक प्रभाकर मिश्रा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोज कराया गया। उन्हें प्रसाद ग्रहण कराकर सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर शिक्षक प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी स्वरूप माना जाता है। नवरात्रि में कन्या पूजन और भोज की परंपरा नारी सम्मान, श्रद्धा और संस्कारों का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के प्रति आस्था बढ़ती है। साथ ही समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम में रणविजय निषाद सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में सहभागिता करते हुए कन्याओं के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
