Education
🔴 Breaking

कन्याभोज के साथ बच्चों को बताया गुल्लक बैंक का महत्व

संस्कारों के साथ बचत की आदत विकसित करने की पहल

53 views

कौशाम्बी : सिराथू विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नादिन का पूरा में गुरुवार को कन्याभोज का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को गुल्लक बैंक के माध्यम से बचत का महत्व बताया गया। शिक्षकों ने बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, कन्या सम्मान और आर्थिक अनुशासन के प्रति जागरूक किया।

प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि कन्याभोज भारतीय संस्कृति, श्रद्धा, सम्मान और सेवा भावना का प्रतीक है। कन्याओं का सम्मान करने से बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित होते हैं। वहीं, सहायक अध्यापक आशीष कुमार सिंह ने गुल्लक बैंक की उपयोगिता बताते हुए कहा कि बचपन से ही बचत की आदत डालने से बच्चों में धन के सदुपयोग और आर्थिक अनुशासन की भावना विकसित होती है। इससे उनमें भविष्य के प्रति जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता का भाव भी पैदा होता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इस अवसर पर विद्यालय की रसोइया शकुंतला देवी और कौशल्या देवी उपस्थित रहीं।